भारत तथा नेपाल ने द्विपक्षीय सम्बन्धों की समीक्षा की

नेपाल के विदेश मंत्री, प्रदीप कुमार ज्ञवाली गत सप्ताह “रायसीना संवाद” के चौथे संस्करण में भागीदारी करने के लिए नई दिल्ली की यात्रा पर आए थे | उन्होंने इस अवसर पर भारत-नेपाल के सम्बन्धों के विभिन्न पहलुओं पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ विचारों के आदान-प्रदान किए | दोनों मंत्रियों ने कनेक्टिविटी, कृषि तथा जलमार्गों से संबन्धित 2018 से की गई नई पहलों के कारण  हासिल हुई प्रगति समेत विभिन्न क्षेत्रों के द्विपक्षीय सम्बन्धों में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की | दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों मे हुई प्रगति पर संतुष्टि दिखाई तथा परंपरागत रूप से निकट और मित्रवत द्विपक्षीय सम्बन्धों को और सशक्त करने के प्रति गति को बनाए रखने के लिए अपनी वचनबद्धता दोहराई |

गत वर्ष मई महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान दोनों देशों ने लोगों से लोगों के संपर्कों को बढ़ावा देने के लिए तथा आर्थिक विकास को प्रेरित करने में कनेक्टिविटी की उत्प्रेरक भूमिका को रेखांकित किया | गत वर्ष, रेलवेज़, कृषि तथा जलमार्ग के क्षेत्रों में भारत तथा नेपाल ने तीन नए प्रयास किए हैं | कनेक्टिविटी के मामले में दोनों देशों के लिए जलमार्ग पूरी तरह से एक नया क्षेत्र है |

इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए, गंगा के माध्यम से नेपाल की नारायणी और कोशी नदियों में कार्गो सेवाएँ शुरू करने के तौर-तरीक़ों पर दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी चर्चा करते रहे हैं | “व्यापार तथा परिवहन संधि” के ढांचे के अंतर्गत भारत तथा नेपाल के बीच यातायात के इन अतिरिक्त माध्यमों की संभावनाओं को तलाशने संबंधी ऐतिहासिक निर्णय, अप्रैल 2018 में नेपाल के प्रधानमंत्री के॰ पी॰ शर्मा ओली की भारत यात्रा के दौरान लिया गया | कम ख़र्च पर कार्गो की आवाजाही के साथ यह अतिरिक्त सीमा-पार की यातायात सेवा नेपाल को समुद्र के साथ जोड़ेगी | दोनों मंत्रियों ने नई दिल्ली की अपनी बैठक के दौरान इस मामले में हुई प्रगति की  समीक्षा की |

भारत के सीमांत शहर, रक्सौल से नेपाली राजधानी, काठमांडू तक प्रस्तावित रेल मार्ग के प्रारम्भिक सर्वेक्षण के लिए बीते अगस्त महीने में काठमांडू में आयोजित बिम्स्टेक शिखर सम्मेलन से इतर भारत तथा नेपाल के बीच एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए | दोनों देशों ने भारत से वित्तीय सहायता प्राप्त कर नई विद्युतीकृत रेलवे लाइन के निर्माण पर सहमति जताई थी | इस सर्वेक्षण को एक वर्ष के भीतर पूर्ण किया जाना है | दोनों विदेश मंत्रियों ने इस परियोजना तथा रेलवे की अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की, जो भारत की सहायता से नेपाल में क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं | गत वर्ष, भारत तथा नेपाल ने कृषि क्षेत्र में तीसरी परिवर्तनकारी पहल की, क्योंकि दोनों देश बड़े पैमाने पर कृषि पर निर्भर हैं तथा अर्थव्यवस्था के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने को इच्छुक हैं | दोनों देश ने अनुसंधान तथा विकास, आधुनिक कृषि कार्यों में प्रशिक्षण, उन्नत बीज तकनीक, मृदा स्वास्थ्य, कृषि वानिकी, पशु पालन तथा अन्य संबन्धित क्षेत्रों में सहयोगी परियोजनाओं पर फ़ोकस करने के निर्णय लिए | इस निर्णय पर आगे बढ़ते हुए, कृषि, भूमि प्रबंधन तथा सहकारी चक्रपानी खनाल के नेपाली मंत्री ने गत वर्ष जून महीने में नई दिल्ली की यात्रा की तथा कृषि में इस नई साझेदारी पर भारत के कृषि तथा कृषक कल्याण मंत्री, राधा मोहन सिंह के साथ विस्तार से चर्चाएं कीं |

श्रीमति सुषमा स्वराज तथा श्री ज्ञवाली ने इन नयी पहलों पर विस्तार से चर्चाएं कीं तथा भारत की सहायता से नेपाल में क्रियान्वित होनेवाली और चल रही अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की | रायसीना संवाद में श्री ज्ञवाली ने सामान्य प्रगति तथा समृद्धि, बेहतर भौतिक संपर्क तथा बड़े स्तर पर लोगों से लोगों के संपर्क को बढ़ाने की दिशा में भारत तथा नेपाल को एक साथ काम करने की आवश्यकताओं को रखांकित किया | भारत को नेपाल का सबसे बड़ा व्यावसायिक साझेदार बताते हुए, उन्होंने 90 देशों के प्रतिनिधियों को स्मरण दिलाया कि  नेपाल तथा भारत भूगोल, इतिहास, धर्म तथा संस्कृति के माध्यम से एक दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा एक व्यापक संबंध साझा करते हैं | श्रीमति स्वराज ने इस सम्मेलन में कहा कि नई दिल्ली ने अपने निकटतम पड़ोसी पर काफ़ी ध्यान दिया है तथा अधिक संसाधन यहाँ लगाए हैं और यह आनेवाली पीढ़ी के लिए क्षेत्रीय संपर्क तथा महत्वपूर्ण मूलभूत संरचना का निर्माण कर रहा है | रायसीना संवाद का गठन विदेश मंत्रालय तथा वैश्विक साझेदारी बनानेवाली एक स्वतंत्र विचार मंडली, ऑबज़र्वर रिसर्च फ़ाउंडेशन द्वारा साझा रूप से किया गया है |

आलेख – रत्तन कुमार साल्दी, राजनीतिक टिप्पणीकार